Friday, 24 August 2012

थोड़ा खाओ थोड़ा फेंको


जल रहा है आसाम

उड़ उड़ के चिंगारियां पहुँच रहीं हैं दक्षिण तक

कहीं सूखा तो कहीं बाढ़

चौपट किये है सब खेती

हर पड़ोसी अपना

बोये ही रहता है गांजा किसी न किसी बहाने

मर रहें हैं मराठे किसान

भड़क रहें हैं मजदूर जाटों के देश में

जग जाहिर है नक्सलियों का उपद्रव

काश्मीर का तो बना ही है नासूर चिर स्थाई

झंडा ऊंचा किये कोई न कोई

चक्का जाम ही किये रहता है राजधानी में

और उधर ठलुए सब खोदे डाल रहें हैं जो भी कुछ बचा है

खा पी लुटा डाल रहें हैं सबका माल

थोड़ा खाओ थोड़ा फेंको की तर्ज पर

ठलुओं अपने सब लगुओं भगुओं के साथ भर रहें हैं घर

नहीं समा रहा है तो भर रहें हैं विदेशी बैंको में

बालू लोहा कोयला टूजी सब झोंका जा रहा है

हवस के हवन कुंडों में

ये नरक ये अव्यवस्था ये तांडव ये सुलगती आग ये आक्रोश

ऐसा लगता है कि

एक बड़े विशालकाय बारूद के ढेर पे बैठ कर

आलू भून भून के खा रहें हैं ससुर

चार छे मुरहे लौंडे

Thursday, 23 August 2012

मेरा देश महान

दूध की नदियाँ बहती थी मेरे देश में

सोने की चिडियाँ रहती थी मेरे देश में

पूर्वजों ने अपने किया दुनिया में नाम

आज के नेताओं ने कर डाला बदनाम

उस इज्जत को रिश्वत के घुन खा रहे हैं

हम देश की महानता के गुन गा रहे हैं



यहाँ मुर्दे दिखा रहें हैं मुर्दों को रास्ते

कफ़न बेच डालते हैं रोटी के वास्ते

सरेआम चौराहों पे जिंदगी पिट रही है

इंसानियत होके अधमरी घिसट रही है

चोर उचक्के बेईमान गुलछर्रे उड़ा रहे हैं

हम देश की महानता के गुन गा रहे हैं



बिना नोटों के वोटो को पाओ तो जाने

कुछ भला भी करके दिखाओ तो जाने

रोटी को इज्जत से कमाओ तो जाने

बड़प्पन से शासन चलाओ तो जाने

वे गुंडों और डंडों का जोर आजमा रहे हैं

हम देश की महानता के गुन गा रहे हैं

Wednesday, 22 August 2012

पहले उसने

संघर्ष विराम का उल्लघंन किया उन्होंने

पुंछ सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी

जवाब में चली गोली से मारा गया एक घुसपैठिया

हमारी सेनाएं सतर्क चिंता की कोई बात नहीं

चीख रहा था भोंपू कल शाम

उधर से फिर बेवजह गोलियाँ दागी गईं

हमारे जवानों ने मुकाबला किया डटकर

जवाबी कार्रवाई में उनके दो सिपाही हलाक

हमारे जवान चौकस हैं हालात काबू में

उस तरफ के भोंपू ये सब अलाप रहे थे

याद आया जब बच्चे छोटे थे हमारे

एक आता रोता चीखता

पापा उसने मुझे मारा

पीछे से भागता दूसरा आता

नहीं इसने मुझे मारा पहले

उनके हाथों की वे छोटी छोटी लकडियाँ

बड़ी बंदूकें बन गईं हैं अब

और अब सिर्फ खून ही नहीं बहता

जानें भी जाती हैं

Tuesday, 21 August 2012

पीली ज़िंदगियाँ

उन रास्तों से होकर नहीं भी कहीं जाती हैं

कुछ ज़िंदगियाँ

बत्ती के रंग उस चौराहे पर

उनके लिए मायने नहीं रखते औरों जैसे

शोरगुल आपाधापी दौड़ भाग के बीच

सब कुछ शांत और ठहरा हुआ है उनमें

डर लगता है ये कहीं तूफ़ान के पहले की न हो

ये सारे मैले कुचैले एक साथ गड्ड मड्ड

गोड्जीला बनके इधर उधर फेंक फांक दे सब कुछ

बसें ट्रकें कारें साइकिलें उलट पलट कचरा पड़ीं हों ढेर

नहीं नहीं

ऐसा नहीं होता

इनमे वो बात नहीं

ये बस कहने भर को हैं ज़िंदगियाँ

हरी हो गई ड्राइवर

चलो

Friday, 17 August 2012

उत्तर पूर्व ; इतिहास और भूगोल


भूगोल का इतिहास है

इतिहास भी रचता है भूगोल

हमारे पश्चिम में था ईरान

दूर चला गया

पूरब में हमारे बगल में अब बर्मा है

भविष्य भी बदल डालता है भूगोल

शायद हमारे दक्षिण में सागर न रहे

उत्तर में हिमालय दूर जा रहा है धीरे धीरे

उत्तर पूर्व में सप्त कन्यायें भी

वर्तमान भी रच रहा है भूगोल

Thursday, 16 August 2012

ज़रा देर और

खुशबुएँ

लिफाफों में डाल

चुनिन्दा पतों पर

भेजी जाने लगीं

फूलों की

हवाओं से

अनबन हो चली

झोंको से महफूज़

सिहरती ओस की बूँद

नन्ही पत्ती पर

ज़रा देर और

रक्स करेगी

सूरज के निकलने तक

Tuesday, 14 August 2012

आज़ादी

तुम कहाँ हो मेरी जान

कि अब तो आ जाओ

बहुत देर हुई

बच्चे बेहाल हैं भूख से

अस्त व्यस्त पड़ा है सब

झगड़ा फसाद थमने का नाम नहीं ले रहे

कोई नहीं है देखने सुनने वाला

जिसको मिलता है जो भाग लेता है लूट के

इधर उधर से भी घुसे चले आते हैं उपद्रवी

अराजकता फैली है जंगल बना है सब

हाहाकार मचा है सब ओर लगी है आग

तुम होतीं

तो कुछ चैन होता शायद

बिना उत्पात के सो पाते सब

पेट में निवाला मुंह पर रौनकें होती

राह राह चलती जिंदगी

भले मानुष जैसे दिखते लोग

कुछ व्यवस्था होती

तब फिर घर घर लगता

कुछ भी चलेगा नहीं ठीक से तुम्हारे बिना

बहुत देर हुई

कि अब तो आ जाओ

तुम कहाँ हो मेरी जान

Monday, 13 August 2012

संयुक्त प्रगति

हे गरीबों भूखे मरने वालों

हे दरिद्रनारायणों

जन्माष्टमी के पावन पर्व पर

अपने मनमोहन की ओर से

मोबाईल फोन की भेंट स्वीकार करो

ये तुम्हारे बड़े काम आएगी

तुम्हे जब कभी दो चार दिन के बाद

रोटी वगैरह मिल सके खाने को

तुम बता सकते हो दूर अपने दोस्त को

और चौड़ी छाती करके उससे पूछना

कि उसे मिली अब तक कि नहीं

फसल सब जब सूख जाएगी

और तुम्हारा बाप कर्ज में आकंठ डूबा परेशान हो

फाँसी लगाने की तैयारी में होगा

तो ये समाचार अब जल्दी भेज सकोगे तुम

और पूछना अपने मामा से फोन करके

कि वहाँ जो बाढ़ आई है भीषण

कितने बचे उनके बच्चे बह जाने से

और वहाँ ऊपर पेड़ पर सिग्नल ठीक ठाक है कि नहीं

जहाँ वे सब बैठें हैं चढ़ के कई दिनों से

सब समाचार अपने लोगों का पता रखना चाहिए

बुआ की जवान बिटिया से रात झोपड़ी में

फिर जबरदस्ती किया हवलदार

कच्ची पीके अभी जो कांड हुआ

उसमे कौन कौन नहीं रहा तुम्हारे घर का

और उस पार से जो आ के बस गए थे फर्जी

कुछ तुम्हारा भी जबरन कब्जा कर लिए क्या

जानकारी बड़ी चीज है

छोटा भाई पड़ा रहा बुखार में कई दिन

दवाई नहीं मिली मर गया

चाची अभी परसों घर ही में

आठवें बच्चे के टाइम खतम हो गईं

एक कार वाला रौंद दिया रात

सामने फुटपाथ पे सोये थे जितने

नई शादी किये थे बिटिया की

ससुराल वाले मार के भगा दिए

सब मालूम होना चाहिए

तो भईया ये फोन तुम्हारे बड़े काम आने वाली चीज है

देश आगे जा रहा है

तुम काहे पीछे रहो

भूखे हो तो कोई बात नहीं

लेकिन तुम्हारे कान से सटा कोई झुनझुना न हो

तो हमको अच्छा नहीं लगता

हमें तो भाई इन्क्लूसिव ग्रोथ करनी है

Saturday, 11 August 2012

हथियार

गरीबी खड़ी नहीं होती चुनाव में

कमजोर हैं पाँव

गरीबी क्रान्ति नहीं करती

झंडा नहीं उठाती

नारे नहीं लगाती

न हाथों में ताकत है न आवाज में दम

गरीबी एक औजार है

बहुत धार है अभी भी

भेज देती है लोगों को संसद

बदल देती है कुर्सियां

चुनाव क्रान्ति सत्ता संसद वाले

इसीलिए मरने नहीं देते गरीबी को

न केवल वे ज़िंदा रखते हैं इस हथियार को

बनाए रखते हैं तेज और असरदार भी

इस रणक्षेत्र में

जय पराजय कर सिंहासनारूढ़ होते हैं नेता

प्यादे बने कटते रहते हैं गरीब

योद्धा कभी खत्म नहीं होने देते हथियार को

ये उनके अस्तित्व का सवाल जो ठहरा

Friday, 10 August 2012

जय श्री कृष्ण

सुन्दर रेशमी वस्त्रों आभूषणों से सज्जित

होठों पर बाँसुरी बगल में प्रेमिका

नृत्य की मुद्रा चेहरे पर आनंद

मानो कह रहा है

जियो मौज से मस्ती से भरपूर

घी मक्खन खाओ

न बन पड़े तो चुरा के

प्रेम रास रंग गोपियाँ उपवन

सखा उत्सव नदी पेड़ वन

छेड़छाड़ मनुहार दुलार

दैनिक जीवन का हिस्सा बने

आन्नद में जियो आनन्द बाँटो

सर पे आ पड़े तो लड़ भी लो

न मौका हो अनुकूल तो

रणछोड़ दास जी हो जाओ

पूरा जीवन चरित

चीख चीख के साफ़ साफ़

बता रहा है कि परिपूर्ण जी लो

ऐसा भी क्या डर मौत का

कि जी न सको

ऐसे मस्त मौला मनभावन रसिया

उल्लास की प्रतिमूर्ति के समक्ष

हम खड़े हो जाते हैं

मूढ़ करबद्ध याचक

कांपते पाँव

चेहरे पर घनघोर अवसाद

होठों पर घिघियाहट लिए

क्या ये घोर अपमान नहीं है

परमात्मा का ?

Wednesday, 8 August 2012

आशा और आशंका

हवाओं के डर से

नन्हे दिए की लौ

काँपती रही

लेकिन

आग की बड़ी लपटें

बेसब्री से

इंतिजार करती रहीं

झोंकों का

चढ़ के जिसपे

वे बढ़ें

ऊँचे और ऊँचे

Monday, 6 August 2012

शासन तंत्र की समस्या

छोटे लोग

छोटी सोच

छोटे उद्देश्य

छुद्र स्वार्थ

छुद्र विचार

छुद्र आचार

संकुचित ह्रदय

संकुचित ज्ञान

संकुचित धैर्य

बड़ा अहं

बड़ी क्षुधा

बड़ी कुर्सी

Sunday, 5 August 2012

क्रान्ति

अब वक्त आ गया है

बलिदान देने का

उन्होंने ये उद्घोष किया

और आँखे बंद करके

ऊँची कुर्सी का

सपना देखने लगे

अब नहीं तो कब

देश पुकार रहा है जवानों

आवेश में

वे मुट्ठियाँ भींचकर कांपते रहे

और अपने उज्जवल भविष्य की

कामना करने लगे

राम राज्य लाना है

समाज को बढ़ाना है

यही समय है संघर्ष का मित्रों

ऐसा उचारते समय

उन्हें आने वाली

कई पुश्तें तर दिखाई दीं

घोड़े हाथी ऊँट पैदल

शहीद होते रहे

हमेशा की तरह

हर बार

Saturday, 4 August 2012

परिणिति


इन लोगों ने

उन लोगों से

लड़ना चाहा

कुरुक्षेत्र में

उन लोगों ने

इन लोगों को

घसीट लिया

पलाशी में

Friday, 3 August 2012

नया दौर

बैठा रहा

उसके पहलू में

फिर सरककर

आसमान पर

टंग गया चाँद

सुबकती रही रात

देर तक

फिर सर रखकर

उसके काँधे पर सो गई

डेरे उठाकर

लौट गए सितारे

कुछ समय अब

सूरज का

चलेगा दौर

Wednesday, 25 July 2012

रायसीना पहाड़ी पर उत्सव


विस्तृत खूबसूरत मैदान

कतारबद्ध खड़े संगीने लिए सिपाही

रक्षकों का जखीरा

मोटरों का आलीशान कारवाँ

चौड़े और स्वच्छ राजमार्ग

विशाल और भव्य इमारतें

विभूतियों से सुसज्जित केन्द्रीय कक्ष

परंपरागत और शालीन समारोह

उत्सुक प्रफुल्लित व्यग्र फुर्तीले लोग

मैंने ज़रा गौर से देखा घोड़ों को

उदासीन अनुत्सुक सुस्त

कह रहे थे कि

चलो एक और कवायद खत्म हुई

एक बोला ये सब तो चलता ही रहता है यहाँ

और बाहर वहाँ भी सब ऐसे ही चलता रहता है

घोड़े घोड़े ही रहते हैं

गधे गधे ही रहते हैं

हाँ सूअर जरूर और मोटे होते जा रहे हैं

Tuesday, 24 July 2012

भूख भोजन और राजनीति


नंबरों का खेल है राजनीति

अभी दो नंबर की जगह खाली हुई सरकार में

तो सूना खूब कटा जुद्ध मचा है

बहुत बढ़िया है ये दो नंबर की जगह

एक में तो बहुत लफड़ा है

खाना पीना तक मुहाल है

सर्चलाईट डाले ही रहता है ससुर मीडिया

नीचे वाला चाँपे रहता है नंबर दो की

जनम जन्मांतर तक को तर देता है

खेती परधान है अपना देस

सो भईया नंबर दो पे तो हक बनता है

खेती के परधान जी का ही

और फिर वे जमीन से जुड़े आदमी हैं

जमीन का खाते हैं

और जम के खाते हैं

और उनके ज्यादा खाने के चक्कर में

उन ही के यहाँ के एक सज्जन को

बार बार भूखा रहना पड़ता है

वे खुद भी बहुत दिनों तक नहीं खा पाते

और लाखों लोगों को भी नहीं खाने देते हैं

सार्वजनिक रूप से

आखिर बैलेन्स तो करना ही है किसी को

Monday, 23 July 2012

सत्यमेव जयते

कैसे जानते हैं हम

कि जो लिखा है

वो होकर रहेगा

तभी तो जब

वो हो जाता है

हम कैसे जानते हैं

कि सत्य क्या है

वही तो

जिसकी जय होती है

Friday, 20 July 2012

जिंदगी इक सफर है सुहाना......

चलती रहती है फेसबुक पर जिंदगी

होता रहता है फिल्मों का ज़िक्र

ढूँढ के लाये जाते हैं पुराने गाने

देश विदेश की खबरों की पेश होती हैं चुटकियाँ

आपत्तिजनक तथा अन्य भी कार्टून

बागीचों के चित्र

महफ़िलों का ज़िक्र

बैठकों के दौर

बयान होते हैं छुट्टियों के किस्से

खूबसूरत प्रस्तुतियाँ विचारों की

प्यार तकरार इनकार इजहार

और भी न जाने क्या क्या

फिर एक दिन पैक अप करने की तय कर लेते हैं

राजेश खन्ना

चौंक जाती है फेसबुक पर चलती हुई जिंदगी

थोड़ी गमगीन

थोड़ी यादों से रोमांचित

ठिठकती है ज़रा थम जाती है

जैसे दौड़ते हुए कोई पल भर को रुके

खुल गए अपने जूते के फीते बाँधने को

फिर चल पड़ती है वैसे ही

फ़िल्में गाने चित्र बैठकें मुलाकातें कार्टून

चलती रहती है फेसबुक पर जिंदगी

Thursday, 19 July 2012

देव कुदेव

गली के बहुत भीतर

एक संकरे आँगन के पीछे वाले

कमरे के जर्जर बिस्तर तक

ठण्ड में सिकुड़ती रहती हैं बूढी हड्डियां

सड़ जाती हैं सब्जियाँ गोदाम के सीलन में

झुलस जाता है मजदूर दिन भर खेत में

सूरज को दिखाई नहीं देता

या वो देखते नहीं

Wednesday, 18 July 2012

भारतीय ट्रैफिक का आध्यात्म

सीमित प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्व

हमसे बेहतर कौन समझेगा भला

अब देखो

अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल

आधा किलोमीटर का पेट्रोल बचाना

पूरे दस किलोमीटर राज मार्ग पर उलटे चलकर

हुशियारी नहीं तो और क्या है

और फिर क्या उलटा और क्या सीधा

वेदों में तो कहीं लिखा है नहीं

सब माया है भईया

गीता में तो लिखा ही है

हतो वा प्राप्यसि स्वर्गं .......

बचे रहे तो फिर कभी बचे हुए पेट्रोल का सुख भोगेंगे

मर गए तो स्वर्ग

जहाँ बिना पेट्रोल के उड़ते हैं विमान

चरैवेति चरैवेति

अर्थात वीर तुम बढे चलो

ये सिद्धांत तो हम भूलते ही नहीं सड़क पर

कौन माई का लाल हमें रोक सकता है

ज़रा सी लाल बत्ती की बिसात ही क्या है

और फिर क्या लाल और क्या हरा

नज़र नज़र का फेर है बस

रंगों में भी क्या भेदभाव

सबै रंग गोपाल के

गीता में तो लिखा ही है

नहीं लिखा हो तो लिख लो

वैसे भी सब कुछ तो लिखा हुआ है

अपनी गीता में

Tuesday, 17 July 2012

सोचालय

बड़ी समस्याएँ हैं इस देश में

जैसे एक है मुक्ताकाश में शौच क्रिया

कुछ करना होगा इसके लिए

योजना बनानी होगी

गूढ़ चिन्तन चाहिए इस पर

और इसके लिए उपयुक्त स्थान

हमेशा से रहा है शौचालय

तो भईया जब समस्या हो विकराल

तो शौचालय नहीं चाहिए क्या

उतना ही भव्य ?

Monday, 16 July 2012

जवान होती लड़कियाँ

जवान होती लड़कियाँ खुश हैं

छुट्टी में स्कूल के बाहर

उड़ रही हैं तितलियाँ

चहचहाट जैसे सांझ बरगद के पेड़ पर चिड़ियों का झुण्ड

दौड़ रहें हैं फूल इधर उधर

इनका कल हो शायद

चिता हवन सेज गजरा

या पालकी मुकुट माला

ज़रा सी देर और झर जायेंगी पंखुरियाँ

उड़ जायेगी खुशबू अनंत में

रंगहीन हो रहेगा बागीचा

उन्हें पता हो न हो अभी

फिलहाल खुश हैं

जवान होती हुई लड़कियाँ

Sunday, 15 July 2012

इबारत

वह कभी हाँ नहीं कहती

असमंजस में था वो युवा

अभी नया है स्त्री की इबारत पढ़ने में

कोई उसे बताए

वो न भी नहीं कहती

Saturday, 14 July 2012

कुर्सी

उसके चारों पैर

आगे बढ़कर असंख्य भुजाओं में फ़ैल गए

पेड़ों की जड़ों जैसे

सब और फैलकर जकड़ लिया है सब कुछ

भीतर का सब कुछ चूसती हुई जड़ें

पायों के जरिये

जीवन रस पहुँचा रहीं हैं

और बड़ी हो रही कुर्सी

और मजबूत पैर

और लंबी जड़ें

और अधिक भोजन

और मजबूत शिकंजे