Showing posts with label Poem Hindi हिन्दी कविता लड़की शादी. Show all posts
Showing posts with label Poem Hindi हिन्दी कविता लड़की शादी. Show all posts

Sunday, 15 November 2009

भाग के शादी करने वाली लड़की

उसने भाग के शादी की थी
थोड़ी नाराज़गी के बाद
दोनो घरवाले चुप बैठ रहे
उस मोहल्ले का
जहाँ वह भाग के शादी करने वाली लडकी
अपने पति के साथ रह रही थी
फ़ेरी लगाकर सब्ज़ी बेचने वाला भी
मुस्करा के देखता उसे
बच्चे हुये और जब वे
और बच्चों से खेल खेल मे लड़ते
औरों की मांयें नहीं चाहती कि
उनके बच्चे खेलें उन बच्चों के साथ
जो भाग के शादी करने वाली लडकी के थे
खैर
अब वो बहुत बूढी है
लोग मदद कर देते हैं
शाम पार्क मे बैठकर
इस मदद की चर्चाकर
वाहवाही भी लूटते हैं
कि उस
भाग के शादी करने वाली लड़की
की मदद करना इन्सानियत है
सो हम करें
उसका नाम तो खैर है
लेकिन ज्यादातर लोगों को पता नहीं
ज़रूरत भी नहीं क्योंकि
लोग पसन्द करते हैं
उसका विख्यात सम्बोधन
भाग के शादी करने वाली लड़की
मै सोचता हूँ
कि जब ये मरेगी और
इसका क्रियाकर्म होगा
तो क्या पन्डित श्लोक बाँचने मे
जब उसका नाम लेना होगा
कहेगें
भाग के शादी करने वाली लड़की !