Friday, 13 July 2012

उसका घर

देह से बाहर भी रहती है वह

कमीज के बटनों में सजती है

दरवाजे की भीतर लगी कुण्डी में रात खिलती है

पानी के ठन्डे गिलास की सिहरन में कांपती है

फेरीवाले की आवाज की लय में डोलती है

अदरक की चाय की भाप में उड़ती हुई

बंध जाती है स्कूल जाते बच्चे के जूते के फीते में

दफ्टर भागते आदमी की व्यग्रता है वो

पीछे से दौड़कर टिफिन पकड़ाती आपाधापी भी वही है

ऐसी ऐसी जगहों पर बिखरी रहती है कि पता भी न चले

लगता है कि कभी भीतर है वो अपने

तब भी कहीं और ही होती है

रात खाने की सब्जियां चुनती

बच्चे को पिकनिक जाने देने के बारे में

पति से करने वाली बात की झिझक में होती है

बिटिया के लिए नई फ्राक की बात उठाने के बाद वाली झिड़की

और उसकी सहम में होती है कभी

पति की उपेक्षा में होती है

सिर्फ लगता है कि भीतर है वो

ज्यादातर तो देह के बाहर ही रहती है वह

Thursday, 12 July 2012

गृहणी

खाना ही तो बनाती है

यहाँ वहाँ से कपडे उठा कर रख देती है

दरवाजे की घंटी सबसे पहले वही सुनती है

रात को भी

साफ़ सफाई ज़रा ये ज़रा वो

ये सब भी कोई काम हैं भला

किसी से करवा लो

नौकर चाकर के से काम हैं ये तो

बीमार तो खैर वो पड़ती ही नहीं है

लेकिन जब कभी ज़रा देर को

वो नहीं होती

तो होता कुछ नहीं है घर में

Wednesday, 11 July 2012

क्या तुम भी

अभी दिन मे इस तरफ़ आधी धरती पर

रात मे उस तरफ़ बाकी आधी

सर्दियों में ज़रा इधर झुककर

गर्मियों मे ज़रा उधर

सुबह से शाम तक मंझाता

कोने कांतर मे झांक झांक

घुस घुस के कन्दराओं में

यहां वहां ऊपर नीचे मँडराता

कभी तेज रोशनी में

कभी बादलों के पीछे से तांक झांक करते

जाने क्या खोजता रहता है रोज रोज

धरती का वो पागल प्रेमी

खाली चक्कर लगा लगा के

सिर्फ देखते रहना भर ही

तुम्हारी भी नियति क्या

मेरे जैसे ही है सूर्यदेव महाराज

Tuesday, 10 July 2012

आस

कुछ लोग अभी भी ये समझते हैं कि

देश आजाद है

जल्द सब कुछ ठीक हो जाएगा

अगले चुनाव के बाद मंहगाई कम होगी

जंतर मंतर पे धरना देनेवाले समाजसेवी हैं

ऐसे कैसे कोई भला फर्जी एनकाउंटर कर देगा

हम जहाँ से दवाई खरीदते हैं वो नकली नहीं हैं

मेरे पिता ईमानदार अफसर हैं

कुछ लोग वाकई ये समझते हैं

और बाकी लोग

जलाते रहते हैं खून अगर हो तो

हम जैसे

Monday, 9 July 2012

न्याय

उसके हाथ लंबे हैं

क़ानून उठेगा

झट से पकड़ लाएगा

डाल देगा जेल में

तब मिलेगी उनको अपनी करनी की सजा

घबराओ मत

न्याय मिलेगा तुमको

अभी उठेगा क़ानून देखना

उसके हाथ लंबे हैं

नहीं नहीं

शक मत करो

ये वो हाथ नहीं हैं

जो आदमियों के होते हैं

और गरम किये जा सकते हैं

ये दिव्य हाथ हैं

सर्वव्यापी सर्वशक्तिमान निष्पक्ष

Friday, 6 July 2012

गाँधी के बाद गाँधी के बाद गाँधी के बाद गाँधी के बाद ............

बहुत दिनों तक इस देश में

धूर्त और चालक लोग

गाँधी जी की धोती पकड़ कर

चुनाव की वैतरणी पार कर के

सिंहासन पे चढ़ते रहे

आगे चलके किसी समय जब बहुत खींचतान में

गाँधी जी की धोती के चीथड़े हो गए

एक नेता हुए जिनने घोषणा कर दी कि

मैं खुद गाँधी हूँ

हालांकि न वे शादी के पहले गाँधी थे न बाद

फिर वही गाँधी की धोती चुनाव और सिंहासन

अबके गाँधी की धोती भी जरा बड़ी और मजबूत

और फिर जो दौर चला उनके बाद

उन्ही के घर में गांधियों का

सो अब तक चल ही रहा है

तय ये है अब कि

या तो गाँधी खुद ही रहेंगे सिंहासन पे

या फिर गाँधी के दुमछल्ले

वाह री आजादी

वाह रे प्रजातंत्र

वाह रे देश

वाह रे देशवासी

Thursday, 5 July 2012

हिग्स बोसान

अब देखना

सब पता चल जायेगा

कैसे बना ये सब कुछ

बस ज़रा सी देर में पकड़ के बैठा लेंगे सामने

बनाने वाले को

सब उगलवा लेंगे उससे देखना

कहाँ क्या है पूछेंगे

बताना ही पडेगा

नहीं तो खींचेगे कान

टूजी का रुपया कहाँ है

आदर्श के मकान सच्ची में किसके हैं

खेलों का खेला टाँय टाँय फिस्स कौन किया

और जहाँ ये सब पूछताछ चलेगी

वहीं ऊपर अनाप शनाप रुपया

यहाँ से चुरा चुरा के कौन धरा है बैंको में

नौटंकी तो देखो

जेल भेजो फिर निकाल लो

तू तू मैं मैं करो

भोंपू की तरह रात दिन बजते रहो टीवी पे

इधर कुर्सी छुड़ा लेओ

उधर से घुसेड़ लेओ फिर कहीं चुराने खाने को

बट्टे पे ठोंक दो इल्जाम हर चमारी का

फिर कभी चट्टे की भी आएगी बारी

बनाए रहो नोट गिने रहो वोट

बारी बारी से

कोई खोले मुंह तो घुसेड दो रुपया

कहीं वो भूल चूक से सत्याहारी हो

न खाता हो रुपया

तो डाल देओ डंडा

गज़ब तमाशा चल रहा है

वैसे तो अभी बड़े बड़े वैज्ञानिक लोग

लगें है सी बी आई की तर्ज़ पे पूछताछ में

लेकिन कभी अगर मिला मौका

तो पूछेंगे हम भी गाड पार्टिकल से कि

महाराज

काहे बनाए ये सब

और बनाने की ऐसी खुजली थी तो ऐसा काहे बनाए

भांग खाए रहो का ?

Tuesday, 3 July 2012

बड़े बड़े आदमी

बैठा है सूखे खेत में मुंह उठाये

ताकते टुकुर टुकुर ऊपर

बादल तो नहीं अलबत्ता

नेता जरूर घूम रहें हैं दौरे पर

दूर पूरब में सुना है पानी ही पानी

भर गएँ हैं घर दुवार

उफान पे है दिबांग

विकट समस्या है

गरीब गुरबा बड़ा परेशान

और यहाँ खेती सब हुई जा रही है बेकार

पानी ही नहीं है

बड़े बड़े आदमी हैं दिल्ली में

साहब मंत्री नेता लोग सब

काहे नहीं भर के चुल्लू आसाम से

उर्रा देते हैं महाराष्ट्र और यम पी में

और फिर दुई चार बादल फूंक मार के

उड़ा लावें बम्बई से दिल्ली तक

बड़े लोग हैं और बहुत सारे भी हैं

एक एक अंजुरी भी भी डाल दें

तो सबका काम हो जाए

क्या कहते हो नहीं कर सकते !

क्यों ?

इत्ते बड़े हाथ पैर नहीं है

गरीब गवारों और किसानो की मदद के लिए !

खाली पेट ही बड़ा है बस

Friday, 8 June 2012

इलाहाबाद के चूहे

तीन करोड़ का अनाज गायब है

इल्जाम चूहों पर है

खा तो नहीं पाए होंगे सारा

बेचा होगा काले बाजार में

खूब पी होगी

पिलाई भी होगी

नेता नगरी है चाचा जी की भूमि

ऐमेले बनने बनाने में काम आया होगा रुपया

बम कट्टे के घरेलू उद्योग हैं तीर्थराज संगम में

थोड़ा उसके उत्थान में सहयोग हुआ होगा

जिनके लिए रहा होगा वो अनाज

खा के चूहे मार दवाई मर रहेंगे

नहीं तो डूब रहेंगे गंगा में

और चाहे तो जमुना में

मस्त खा पी के मुटायेंगे चूहे

फले फूलेंगे आबादी बढायेंगे

उत्पात मचाएंगे असेम्बली में

एक दिन आएगा

जब चूहे ही चूहे होंगे दफ्तरों में संसदों में

राज करेंगे हम सब पर

अपनी तो खैर ठीक है

लेकिन मुझे गणेश भगवान जी की बड़ी चिंता है

उनका चलना फिरना दूभर हो जाएगा

बेचारे सीधे साधे हैं

कोई गाड़ी भी दे दे

तो पेट्रोल कहाँ से डलायेंगे उसमे

Thursday, 17 May 2012

हम बच्चे छोटे छोटे

भागना अब भी पीछे तितलियों के

खिलौनों से बहल जाना

झाँकना औरों की थाली में

चाँद पाने को मचल जाना

मुझे पहले मुझे पहले की

वही ज़िद पुरानी

जो चाहें जब चाहें हो वही

करें हम मनमानी

उस एक ही गड्ढे में

गिरना बार बार

बात बेबात पर कभी भी

लड़ाई आर पार

गलतियाँ करके सुधरते नहीं

हम कभी भी बड़े होते नहीं

Tuesday, 21 February 2012

मेरी मानो तो

बांह से पकड़ कर सूरज को

इधर दांये तरफ बैठा दिया जाएगा

तारे पोटली बाँध काली रात को

हमेशा के लिए ले जायेंगे यहाँ से

इनको जब जितना चाहिए

बादल बस उतना ही बरसेंगे

नदियाँ एक इशारे पर धीमी तेज हुआ करेंगी

गिरते नाले उन्हें गंदा नहीं कर सकेंगें

और ना ही चिमनियों और गाड़ियों का काला धुआँ

विषाक्त करेगा हवाओं को

ये सब कुछ बस सिर्फ हमारे चाहने भर से घटित हो जाया करेगा

हम इंसानों के चाहने भर से

क्योंकि हम महान हैं

क्योंकि हम जैविक क्रम में सर्वोच्चतर हैं

और ऐसा सिर्फ कहते भी हमीं हैं

किसी मेढक या चमेली या हिमालय से ऐसा कहते सुना नहीं गया

चलो माना ये सब बातें विवादास्पद हो सकतीं हैं

लेकिन ये सत्य

कि भव्य गुम्बदों और आलीशान इमारतों में

सजे हैं न्यायालय और बढती ही जाती है उनकी आवश्यकता

चमकती संगीनों और रंगीन कलगियों की बारातें

मनुष्यता के विध्वंश का साज और सामान

कितने फक्र से प्रदर्शित करते हैं राष्ट्राध्यक्ष

और तो और

लोग बिना टकराए सड़क पर चल सकें ठीक से

इसके खातिर भी सिपाही खड़े किये जाते हैं

और फिर भी नहीं चल पाते अभी हम ठीक से

किस कदर तो अंधे हैं अभी हम

और इस कदर गूंगे और बहरे भी

वरना कौन इतनी मासूम चीखों को सुन के भी

बेपरवाह बना रह सकता है

इतना कुचले जाने पर भी एक चीख तक नहीं

मेरी मानो तो छोड़ो मंगल और बृहस्पति की यात्राएं

यहाँ नोयडा से दिल्ली तक की यात्रा सुरक्षित करने का इन्तेजाम करो

स्थगित कर दो अभी जेनेटिक इंजीनियरिंग के प्रयोग

ज़रा इन्तेजाम करो कि हैजा और मलेरिया से तो न मरे कम कम से कोई

अभी रहने दो बड़े बड़े ख़्वाब

त्यागो मोह फिलहाल ऊँची अट्टालिकाओं का

सब मिल कर अभी तक जितना जाना है कमाया है बनाया है

उससे एक स्वस्थ मनुष्यता तो बना लो पहले

तन से मन से आत्मा से

Friday, 17 February 2012

लवली मौसम

इससे पहले कि फ़िर से गुलाबी हो मौसम

गहरे पानी में डूबा पूरा चाँद

चमेली की खुशबू में तर भीगी भीगी बयार

सन्नाटे के साथ जुगलबंदी करते झींगुर

खींच लें मुझे बलात पूर्व में जहां

इन्तिज़ार आहटों में ढूँढता फिरे तुम्हारे कदम

बेबूझ शब्दों को तारीफ़ में ढालने की कोशिश

बदलती जाती कुछ अनर्गल फुसफुसाहाटों में

देर तक ठहरने और जल्दी वापस जाने की तुम्हारी घबराहट

मना करने और मान जाने के द्वन्द में व्यस्त हाथ तुम्हारे

दुपट्टा साँसे और बातें संभालने के साथ साथ

पहले के बहाने और आगे की तय होती मुलाकातें

भागते वक्त और दौड़ती धडकनों के साथ धींगामुश्ती में

तेज तेज चलता हुआ सब कुछ ठहरा ठहरा सा लगने लगे

चाहता हूँ कि सब कुछ दिखने लगे साफ़ सफ़ेद या काला

नहीं भी चाहता हूँ कि सब कुछ दिखने लगे साफ़ सफ़ेद या काला

इससे पहले कि फिर से गुलाबी हो मौसम

Tuesday, 14 February 2012

मदनोत्सव की शुभकामनाएँ

बहुत रंग हैं

और बहुत खूबसूरत रंग है

जिसे कहें तुम्हारा होना

पर जो तुम हो

खालिस तुम

बिना किसी खुशबू या रंग

उसमे बस के कोई कोई

कभी जब खुद मे खुद को गुम पाता है

तो वो वहाँ है

जहाँ से कोई खबर किसी तक नहीं आती

उस तक भी नहीं

Friday, 10 February 2012

तरक्की

रोशनी के पीछे का सच

जब कभी एक दिन

सो रहेगा कफ़न ढांक

भाँय भाँय करेगी दुपहर

शोर गहराई रातों का

बैशाखियों को सीढ़ी बना

नरकों का आसमान छू रहा होगा

बारिश में टपककर सरोकार

स्वार्थों के गंदे नालों से बहकर

घुलमिल जायेंगे वैमनस्य के पाताल में

उसमें से उठते सियासतों के बवंडर

उखाड़ फेंकेंगे मनुष्यता की सड़ती गलती कमजोर जड़ें

खीसें निपोरे मुंह चिढ़ाते बन्दर

हंस हंस के पूछेंगे

कहो कैसी रही गुरु

हमसे आगे की तुम्हारी यात्रा

Wednesday, 1 February 2012

लोग कथा

हर चीज़ में हर जगह हर बात पर हर समय

सही और गलत के लेबल लगाते लोग

न मालूम है न मतलब है न ज़रूरत है फ़िर भी

वक्त बेवक्त ज्ञान की गंगा बहाते लोग

प्रेम देने को तत्पर किस्तों में कभी थोक में भी

जो नहीं पास रत्ती भर उसको लुटाते लोग

नेकी कर बना पूँजी उसे लॉकर में रखते हैं

मौके पे बिना चूके उसको भुनाते लोग

बालिश्त भर गहरे पानी में तैरते छपछपाते

अपने बुलंद हौसलों पर इतराते लोग

Saturday, 31 December 2011

गया और ये गया

घटनाओं के झुरमुट से निकलकर 
कुटिलताओं के झमेले में 
कभी आशाओं के मेले में 
कल्पनाओं की रजाई में घुसकर 
आदमी और आदमी का मन चंचल
गठरी उहापोहों की लादे 
गिरता लंगड़ाता कभी दौड़ता सरपट 
मंझा डालता सातों आसमान 
सर घुटनों पे रख कोने कांतर में जाता डूब
पहाड़ और सागर कभी एक कर देता
किसी एक से जाता हार बार बार 
होशियारी और मूर्खता दोनों उसकी अपरम्पार 
सबसे बड़ा अजूबा सबसे बड़ा कमाल 
अजब दशा और गज़ब चाल 
कहीं धमक और कहीं मद्धिम मद्धिम पदचाप 
मंथर गति से चलता काल 
बिना आवाज सबको काटता रहता चुपचाप 

Thursday, 22 December 2011

अकथ कहानी बाबू की

उनसे तो ज़रा पूछिये जिनने समझाया है
पढ़ लिख के आखिर उनने क्या पाया है 
कटिया डाल बिना मीटर बिजली चलाई 
कुलियों की जेब गरम कर बर्थ हथियाई 
नंबर बढ़वा के बेटे को डाक्टरी पढ़वाई 
घर बैठे बेटी को एमे की डिग्री दिलवाई 
दलित कोटे का पंप अपने घर में लगाके 
अन्ना की रैली में जाकर शोर मचाया है 
उनसे तो ज़रा पूछिये जिनने समझाया है
टूर पे सेकण्ड से जाके फर्स्ट का बिल और 
बुआ के घर पे रह के टीए डीये बनाया है 
अस्पतालों से गरीबों की दवा बेच खाई है 
गरीबों के हिस्से का दाल चावल चुराया है  
रसीदों बिना नगद रुपयों से सौदे कियें हैं 
बिस्तरों और लाकरों में सोना छुपाया है 
उनसे तो ज़रा पूछिये जिनने समझाया है
दो कौड़ी के नेता से चार जूते खाए हैं 
चपरासी और ड्राइवर पे रोब जमाया है
भांजे को उम्र कैद की सजा से बचाया है 
और एक्सपोर्ट का लाइसेंस दिलवाया है 
बच्चों का दलिया भैंसों का चारा खा गए 
खेती की जमीन पर बंगला बनवाया है 
उनसे तो ज़रा पूछिये जिनने समझाया है

Wednesday, 21 December 2011

सभा में बैठने की अयोग्यता

देखो अभी वो जो दफनाया गया है 
या फ़िर वो जिसे जलाया गया है 
और वे भी जो विसर्जित हुये हैं बहते पानी में 
उन सबका सामाजिक अंतिम संस्कार भले ही किया गया हो अभी 
भले ही चलते फिरते उठते बैठते सांस लेते रहें हों अब तक वे सभी 
मौत लेकिन उन सभी की 
घटित हो गई होगी बहुत पहले 
या शायद पैदा ही वे हुये होंगे मुर्दा 
क्योंकि किया तो उनने कुछ भी नहीं कभी 
जब चुन के चुन के गर्भों को बनाया गया 
अजन्मी कन्यायों का कब्रिस्तान 
अटके नहीं कभी निवाले उनके हलक में 
घूरों पे जब बच्चे इंसानों के खंगालते ढूँढते रहे खाना 
सूअरों और कुत्तों के साथ 
कभी देखा तो गया नहीं उनका खून गर्माते 
ठन्डे हो रहे मासूम बच्चे नकली इन्जेक्सनो से जब 
रौंद दी गई आबरू जब किशोरियों की किसी बड़ी कुर्सी तले 
एक ज़रा सी आह तक तो सुनी गई नहीं उनके मुँह से 
हमेशा के लिए चुप करा दिया गया सुकरातों को जब कभी 
या जड़ गिए गए ताले कलमों पर 
राते गए गहरे सन्नाटे में कभी जीभर रोये तक न वे
कुछ न कर पाने की लाचारी पर 
न 
जीना तो इस तरह होता नहीं इंसानों का 
अगर ऐसा ही परिभाषित है जीवन किताबों में 
तो लगा दो आग उनमे और अनपढ़ बने रहो 
अगर ये विकास की कीमत है और मजबूरी सभ्यता की 
तो रहने दो विकास और असभ्य बने रहो 

Friday, 9 December 2011

भूत प्रेत और चुड़ैलें

भयानक घुप्प अँधेरा सांय सांय हवा 
बिजली जैसी चमकती हर रंग की तेज रोशनियाँ 
अजीब अजीब आवाजें 
पी के शराब बोटियाँ नोंचते हड्डियाँ चबाते 
नाचते हैं रातों को भूत प्रेत और चुड़ैलें 
ऐसे डराते थे कुछ दुष्ट लफंगे औरों को 
बस्ती के ज़रा बाहर पेड़ों के एक छोटे से झुरमुट के बारे में
जहाँ रात पीपल तले चिलम पीते हुये कर सकें वे सब हंसी ठट्ठा 
और लूट भी लें गाहे बगाहे मिल जाये कोई भूला भटका 
फूल गया शहर साफ़ हो गया पेड़ों का झुरमुट 
ईंट गारा धूल मिट्टी सरिया लकड़ी चौखट पत्थर 
इधर उधर ऊपर नीचे करते 
सुपरवाइजरों के इशारों पर नाचते 
गाली धमकी घुड़कियाँ खाते कामगार 
आरे वेल्डिंग मिक्सर कटिंग दिन रात
अजीब अजीब तेज तेज आवाजें 
तेज तेज रोशनियाँ धूल के गुबार 
नाली के किनारे सुलगते चूल्हे रात गए 
हड्डी हड्डी हुई जाती थकी हारी औरतों का मांस अगर बचा हो
तो नोंचते पव्वा भर पीकर 
डेढ़ पसली लिए प्रेतों जैसे दिखते मरद उनके 
बन जायेगी जब ये बिल्डिंग खूब बड़ी और ऊँची 
सुना है खुलेगा इसमें एक शानदार डिस्क 
नृत्य बोटियाँ शराब पार्टी ड्रग्स 
अजीब अजीब आवाजें 
रंग रंग की तेज रोशनियाँ 
देर रात गए अंधेरों में 

Thursday, 8 December 2011

व्यवस्था लोग और व्यवस्थापक

लोग कहते थे 
ठीक नहीं है व्यवस्था
नालायक हैं व्यवस्थापक
व्यवस्थापक कहते थे 
ठीक नहीं है व्यवस्था
लोग ही ऐसे हैं
लोग करते थे चर्चा 
उद्विग्न होते थे 
और कुछ नहीं करते थे
व्यवस्थापक करते थे चर्चा
उद्विग्न होते थे 
और कुछ नहीं करते थे
नहीं ठीक थी व्यवस्था 
नहीं ठीक है व्यवस्था
नहीं ठीक होगी व्यवस्था ?

Tuesday, 29 November 2011

हमें वोट दो

मैं ऐलान करता हूँ कि
अब से रातों को नहीं डूबा करेगा सूरज 
कौवे साइकिलों से नदी पर तैरा करेंगें 
औरों के फटे में टांग नहीं घुसाया करेगा अमेरिका 
मर्द बच्चे आगे से औरतों को सताया नहीं करेंगे 
आग पीकर अमर हो रहेंगे हिजड़े 
कुत्ते पूँछ से तबला बजाया करेंगे 
मैं ये भी ऐलान करता हूँ कि 
घास की नोकों पर उगेंगे कटहल 
कुछ भी खा पी सकेंगे कम्प्यूटर 
छप्परों पर ऊँट खेलेंगे कबड्डी 
बिल्लियाँ खांसती रहेंगी निरंतर 
और ये भी कि 
सूअरों को हंसना माना होगा 
सर्वोत्तम आभूषण चना होगा 
क्यों?
क्या कहते हैं आप?
कि मेरा दिमाग फ़िर गया है ?
लेकिन जब कुछ ऐसा ही अनर्गल 
किसी चुनावी सभा में मंच का भोंपू 
टांय टांय करता हुआ हर किस्म के रंगों में
कितना कुछ वमन करता रहता है 
तब?

Monday, 14 November 2011

बच्चों से

माना वो आग उगलता है 
लेकिन वही रौशनी देता है 
सूरज से जलना मत सीखो 
सीखो सबको रोशन करना 
अच्छाई तो देखो शूलों की 
वे करते हैं सुरक्षा फूलों की
काँटों से चुभना मत सीखो 
सीखो सबकी रक्षा करना 
हाँ बढ़कर उत्पात मचाता है 
हरियाली भी वही तो लाता है 
पानी से डुबाना मत सीखो 
सीखो सबकी प्यास बुझाना 
माना वो तूफ़ान उठाता है 
उसका साँसों से भी नाता है 
विध्वंस हवा से मत सीखो 
सीखो सबको जीवन देना
जीवन हर पल अवसर देगा 
सभी राह आगे कर देगा
बुराई किसी से मत लेना 
सबसे अच्छाई चुन लेना 



(बाल दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ)

Tuesday, 8 November 2011

कब तक हो

आह वो बचपन
गर्मी की छुट्टियों की
घमासान मस्ती भरे 
नानी के घर के दो महीने
दिनभर शरारतें धमाचौकड़ी
रात खुले आकाश तले छत पर
भूतों की कहानियाँ
आस पड़ोस के लोगों का मिलने आना
अक्सर पूछते वे
कब तक हो
तीस जून की वापसी का रेल टिकट
उतर आता आँखों में
और मन में निराशा का एक पल
बरसों बाद अब 
जब आता है जन्म दिन
याद आ जाता है तीस जून का टिकट
और जब कहते हैं लोग मुझसे
जन्म दिन मुबारक हो
मुझे लगता है कोई पूछ्ता हो जैसे
कब तक हो

Monday, 31 October 2011

पेट से

बहुत बढ़ चला है पेट 
बैठी है नाले के पीछे की तरफ 
चाय के खोखे के सामने 
मिट्टी का एक टुकड़ा कुल्लढ़ का कुतरते 
लगा कि जैसे 
अभ्यास करा रही हो उसे 
जिसे जनेगी अभी 
माटी खाने का 
माटी में जीने का 
और यूँही माटी हो जाने का 

Friday, 28 October 2011

दिवाली

गहरा गई थी साँझ
आधा चुल्लू कड़वा तेल लिए 
उसने सोचा जरूर होगा 
नून के साथ रोटी में लगा के 
बच्चे खा लेंगे ठीक से 
लेकिन फ़िर त्यौहार की रात 
अन्धेरा भी नहीं ठीक 
कोई गमी तो है नहीं घर में 
उहापोह तो रहा मन में 
हाथ मगर बेलते रहे बाती 
और आखिर बार ही दिये 
उसने भी दिये अपने चौबारे 
कौन रोज रोज आती है दिवाली